भारत-चीन सीमा के हालात पर अमेरिका पैनी नजर रखे हुए है और उसने अपने पड़ोसियों को डराने-धमकाने के चीन के रवैए पर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम हालात पर पैनी नजर रखे हुए हैं। हम भारत एवं चीन की सरकारों के बीच जारी वार्ता से अवगत हैं और सीधी वार्ता और उन सीमा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार समर्थन कर रहे हैं।’’
भारत और चीन की सेनाओं के बीच पिछले साल मई की शुरुआत से पूर्वी लद्दाख में सीमा को लेकर गतिरोध चल रहा है। पिछले महीने नौवें दौर की सैन्य बातचीत में भारत और चीन के बीच सेनाओं को जल्द से जल्द हटाने और पूर्वी लद्दाख में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए निरंतर ‘‘प्रभावी प्रयास करने’’ पर सहमति बनी थी।
एक सवाल के जवाब में प्राइस ने कहा, ‘‘हम पड़ोसियों को डराने धमकाने के चीन के लगातार जारी रवैये से चिंतित हैं। हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र के मामले में साझा समृद्धि, सुरक्षा और मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने मित्रों और सहयोगियों के साथ खड़े रहेंगे।’’


Download Android App
Download iOS App


