अमेरिका के शीर्ष सांसदों ने कोविड-19 रोधी टीकों की ढाई करोड़ खुराकें भारत और अन्य देशों को देने के बाइडन प्रशासन के निर्णय की शुक्रवार को सराहना की। ‘सीनेट इंडिया कॉकस’ के सह अध्यक्ष एवं सांसद जॉन कॉर्ने ने कहा, ‘‘मैं कोविड-19 रोधी टीके उन देशों को देने की बाइडन प्रशासन की प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं, जिन्हें इनकी सर्वाधिक आवश्यकता है।’’
कॉर्ने ने ट्वीट किया, ‘‘सीनेट इंडिया कॉकस का सह अध्यक्ष होने के नाते, मेरा मानना है कि यह भारत की मदद करने का अच्छा अवसर है, ताकि वह वर्तमान स्थिति से निपट सके।’’ सांसद सिंडी हाइड स्मिथ ने कहा कि जब भारत कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने का प्रयास कर रहा है, ऐसे में यह जरूरी है कि अपने मित्र और अहम सहयोगी की मदद के लिए अमेरिका में मौजूद टीकों की अतिरिक्त खुराकें साझा की जाएं। उन्होंने कहा, ‘‘परिस्थितियों के सामान्य होने और इस घातक वैश्विक महामारी को समाप्त करने में वैश्विक सहयोग की जरूरत होगी।’’
सांसद शीला जैक्सन ली ने भी बाइडन प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। ली ने हाल में ह्यूस्टन में भारतीय अमेरिकी समुदाय के लोगों के साथ भारत में संक्रमण के हालात पर चर्चा की थी। टेक्सास से सांसद ली ने कहा, ‘‘भारत एक करीबी मित्र और हमारा रणनीतिक साझेदार है। भारत ने पिछले वर्ष अमेरिका में वैश्विक महामारी के दौरान देश की मदद की थी, मैं बाइडन प्रशासन से टीके की अतिरिक्त खुराकें तत्काल भेजने का अनुरोध करती हूं ताकि भारत संक्रमण के हालात से निपट सके।’’


Download Android App
Download iOS App



