कुछ ही घंटों में 7 अरब डॉलर गिरी जुकरबर्ग की नेटवर्थ
फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सऐप की सेवाएं 6 घंटे तक बंद रहने के बाद आखिरकार बहाल हुईं। इस दौरान विश्वभर में लाखों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इन तीनों सोशल मीडिया मंच के उपयोगकर्ता काफी समय तक परेशान रहे, क्योंकि उन्हें बार-बार ‘एरर’ (त्रुटि) के संदेश आ रहे थे। इसके परिणामस्वरूप सिलिकॉन वैली स्थित फर्म फेसबुक के शेयरों में लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट भी आई। कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ कुछ ही घंटों में 7 अरब डॉलर (करीब 52 हजार करोड़ रुपये) गिर गई।
फेसबुक ने ट्वीट कर मांगी थी माफी
फेसबुक ने ट्विटर पर कहा, ‘‘दुनिया भर के लोगों और व्यवसायों के विशाल समुदाय जो हम पर निर्भर हैं.. उनके लिए हमें खेद है। हम अपनी ऐप और सेवाओं तक पहुंच बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं और यह जानकारी देकर खुशी हो रही है कि वे अब ऑनलाइन वापस आ रही हैं। संयम रखने के लिए आप सभी का शुक्रिया।’’ फोटो साझा करने की ऐप ‘इंस्टाग्राम’ और संदेशों का आदान-प्रदान करने का मंच ‘वाट्सऐप’ भी फेसबुक का है।

प्रौद्योगिकी अधिकारी माइक श्रोफर ने ट्वीट कर दी बहाली की जानकारी
फेसबुक के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी माइक श्रोफर ने ट्वीट किया, ‘‘फेसबुक संचालित सेवाओं के बंद होने से प्रभावित सभी लोगों से माफी मांगता हूं। हम नेटवर्किंग समस्याओं का सामना कर रहे हैं और टीमें इसे जल्द से जल्द ठीक करने और पुन: स्थापित करने के लिए काम कर रही हैं।’’ माइक श्रोफर ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘फेसबुक सेवाएं अब बहाल हो गई हैं…पूरी तरह ठीक होने में थोड़ा समय लग सकता है। हम पर निर्भर हर छोटे और बड़े व्यवसाय, परिवार और हरके व्यक्ति से….मैं माफी चाहता हूं।’’
वाट्सऐप और इंस्टाग्राम ने भी किया था ट्वीट
वाट्सऐप और इंस्टाग्राम ने भी अपने उपयोगकर्ताओं को सेवाएं बंद होने की जानकारी ट्विटर पर ही दी थी। ‘द वॉल स्ट्रीट’ पत्रिका के अनुसार, सेवाएं बंद होने के कारण फेसबुक के आंतरिक संचार उपकरणों में भी व्यापक व्यवधान पैदा हुआ, जिसमें कुछ ‘वॉयस कॉल’ और ‘कैलेंडर अपॉइंटमेंट’ तथा अन्य कार्यों के लिए उपयोग किए जाने वाली ऐप शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



