Gataru Gang Arrested: मेरठ के सोतीगंज में छिपे थे गटारू गैंग के गैंगस्टर, यूपी STF ने ऐसे दबोचे 4 आरोपी

Summary :

Gataru Gang Arrested: मेरठ के सोतीगंज में यूपी एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गटारू गैंग के तीन सदस्यों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों पर गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है।

Gataru Gang Arrested: जम्मू-कश्मीर में कई गंभीर अपराधों के आरोपों का सामना कर रहे गटारू गैंग के तीन सदस्यों को मेरठ से गिरफ्तार किया गया है। यूपी एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 2 नवंबर की रात सोतीगंज इलाके में छापेमारी कर चार लोगों को पकड़ा। इनमें तीन गैंग के सदस्य हैं, जबकि चौथे व्यक्ति पर उन्हें अपने मकान में ठहराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के विजयपुर के रहने वाले हैं।

यूपी STF के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 22 अक्टूबर को जानकारी दी थी कि गटारू गैंग के कुछ सदस्य मेरठ में छिपे हुए हैं। इसके बाद एसटीएफ की मेरठ टीम ने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ साझा की। 2 नवंबर की रात करीब 11:05 बजे दोनों पुलिस टीमों ने सोतीगंज इलाके में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता और रोहित बलोना को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ मेरठ के रहने वाले माज कुरैशी को भी पकड़ा गया। पुलिस का आरोप है कि माज कुरैशी ने तीनों आरोपियों को अपने मकान में रहने की जगह दी थी। उसने मकान किराये पर देने से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं कराया था।

गैंग का सरगना था सुमित जंदियाल उर्फ गटारू

वहीं, गटारू गैंग का संचालन सांबा जिले के विजयपुर निवासी सुमित जंदियाल उर्फ गटारू करता था। वह अपने भाई सौरभ गुप्ता और अन्य साथियों के साथ मिलकर गैंग चलाता था। गैंग के सदस्यों पर रंगदारी मांगने, सुपारी लेकर हत्या करने, डकैती, जमीन पर कब्जा करने और जानलेवा हमले जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। सुमित जंदियाल और उसके भाई के खिलाफ पहले भी जम्मू-कश्मीर में पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत कार्रवाई की जा चुकी थी।

वहीं, सौरभ गुप्ता और विक्की खौफ विजयपुर के नेताजी एकेडमी में कक्षा 7 से 11 तक साथ पढ़े थे। एक दोस्त को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों के बीच दुश्मनी शुरू हो गई। साल 2018 में सौरभ के दोस्त रोहित बलोना और अक्षय शर्मा ने विक्की खौफ गैंग के सदस्य साहिल शर्मा पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद दोनों गुटों के बीच टकराव बढ़ गया। साल 2022 में विक्की खौफ गैंग ने सौरभ के दोस्त बरिंदर पर हमला किया था, जिसमें उसकी बाजू कट गई थी। इसके बाद दोनों गुटों के बीच दुश्मनी बनी रही।

पार्टी में हुई थी गैंग सरगना की हत्या

21 जनवरी 2025 को जम्मू के ज्वेल चौक इलाके में एक पार्टी के दौरान सुमित जंदियाल उर्फ गटारू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसटीएफ के मुताबिक, जून 2025 में गैंग के सदस्य गौरव जंदियाल ने अपने साथियों के जरिए कुरुक्षेत्र के शाहाबाद निवासी शराब कारोबारी शांतनु की हत्या कराई थी। इस मामले में हरियाणा एसटीएफ ने रोमिल बोहरा को मुठभेड़ में मार गिराया था, जबकि गौरव जंदियाल और उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया गया था।

वहीं, सुमित जंदियाल की हत्या के बाद सौरभ गुप्ता की मुलाकात बागपत निवासी आशू पंडित से हुई थी। आरोप है कि आशू ने उसे मेरठ के सुभाष नगर स्थित अपने किराये के मकान में करीब एक महीने तक ठहराया। इसके बाद सुभारती यूनिवर्सिटी के पास एक फ्लैट में रहने की व्यवस्था की गई। एसटीएफ का यह भी आरोप है कि आशू पंडित ने सुमित जंदियाल को तीन अवैध पिस्टल उपलब्ध कराई थीं।

वहीं, कुरुक्षेत्र जेल में गौरव जंदियाल की मुलाकात मेरठ निवासी मोहसिन से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद गौरव ने उससे मेरठ में रहने के लिए जगह मांगी। इसके बाद मोहसिन ने अपने दोस्त सोहेल से संपर्क किया। सोहेल के जरिए माज कुरैशी के मकान में तीनों आरोपियों के रहने का इंतजाम किया गया।

 

जम्मू-कश्मीर में दर्ज मामलों में थे आरोपी

STF के अनुसार , सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता और रोहित बलोना की तलाश जम्मू-कश्मीर पुलिस को थी। तीनों के खिलाफ विजयपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। इन पर नशीले पदार्थों से जुड़े अपराध और हथियार रखने के आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों का जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अब जम्मू-कश्मीर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।