नई दिल्ली : देहदानी मांगे राम गर्ग जीवनपर्यंत सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे। उन्होंने अपनी जीवन में हमेशा ऐसे लोगों की मदद की जो अभाव में रहे। समाज का वह वर्ग आज भी उन्हें याद करता है। उन्हें लोग हमेशा एक महान व्यक्ति के रूप में याद करेंगे। यह बातें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने रविवार को इंदिरा गाधी इंडोर स्टेडियम में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक मांगे राम गर्ग के श्रद्धांजलि सभा में कही।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सांसद विजय गोयल, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, मीनाक्षी लेखी, सुशील गुप्ता, उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, आरएसएस के पदाधिकारी, दधीचि देह दान समिति के कार्यकर्ता समेत भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ओम बिड़ला ने मांगे राम गर्ग के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वहीं, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक प्रेम गोयल ने कहा कि मांगे राम अपने लिए नहीं बल्कि समाज के लिए जिए, उनके गुणों को दोहराया नहीं जा सकता।