बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है. दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और ‘आप’ के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने बुधवार, 11 जून को यह जानकारी दी.
Bihar assembly elections: बिहार में कुछ ही महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं. इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के बीच हलचल तेज हो गई है. ऐसे में अब बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है. दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और ‘आप’ के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने बुधवार, 11 जून को यह जानकारी दी. उन्होंने साफ कर दिया कि पार्टी बिहार में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सौरभ भारद्वाज ने एक पुराने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि गुजरात में पांच सीटों पर उपचुनाव होने थे. इनमें से चार पर कांग्रेस के उम्मीदवार पहले से ही विजयी थे और एक पर आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधि जीता था. तय यह हुआ था कि जीतने वाली पार्टी अपनी-अपनी सीट पर ही चुनाव लड़ेगी.
कांग्रेस पर साधा निशाना?
‘आप’ ने इस समझौते का पालन करते हुए चार सीटों पर चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन जब पांचवीं सीट (जहां ‘आप’ जीती थी) का उपचुनाव हुआ, तो कांग्रेस ने भी अपना उम्मीदवार उतार दिया. सौरभ भारद्वाज का कहना है कि यह गठबंधन की भावना के खिलाफ था. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि पार्टी का अंतिम फैसला पीएसी लेगी, लेकिन बिहार में चुनाव ‘आप’ अकेले लड़ेगी.
बीजेपी को लेकर क्या कहा?
बिहारियों के मुद्दों पर बात करते हुए सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की स्थितियों का जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में रह रहे बिहार के मजदूरों और गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है. उनके अनुसार, जहां-जहां बिहारियों के छोटे-छोटे घर हैं, वहां बुलडोजर चलाए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे बिहार के लोगों को जबरन वापस उनके राज्य भेजा जा रहा है. सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा, “अगर बीजेपी बिहार के लोगों को दिल्ली से वापस भेज सकती है, तो बिहार की जनता भी बीजेपी को उनके राज्य से निकाल सकती है.”

बीजेपी पर “झूठ की राजनीति” का आरोप
भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी पर झूठ फैलाने की नीति अपनाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी बार-बार झूठ बोलती है ताकि वह सच लगने लगे. उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान का उदाहरण देते हुए बताया कि 31 मई को कहा गया था कि एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी, लेकिन अगले ही दिन मद्रासी कैंप में लगभग 800 झुग्गियां ढहा दी गईं.


Download Android App
Download iOS App



