पटना में बाढ़ की बदहाली के लिए प्रशासन जिम्मेदार : कांग्रेस

Summary :

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बिहार की राजधानी पटना में बाढ़ के कारण जो बदहाली हुई है उसकी वजह दैवीय नहीं बल्कि मानव निर्मित आपदा है और इसके लिए पूरी तरह से प्रशासन जिम्मेदार है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बिहार की राजधानी पटना में बाढ़ के कारण जो बदहाली हुई है उसकी वजह दैवीय नहीं बल्कि मानव निर्मित आपदा है और इसके लिए पूरी तरह से प्रशासन जिम्मेदार है। 
कांग्रेस के बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल तथा पार्टी प्रवक्ता अंशुल अविजित ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में कहा पिछले डेढ़ दशक से नालों तथा गंदे नालों को बनाने तथा उनके रखरखाव के लिए कोई काम नहीं हुआ है। शहर के बड़े नेताओं तथा अन्य लोगों ने जिस तरह से अपने घरों के आसपास कब्जा कर पानी की निकासी को रोका है उससे हालात ज्यादा खराब हुए हैं। 
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक सांसद ने ही अपने घर के चारों तरफ अवैध कब्जा कर रखा है और वहां से पानी की निकासी के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। सत्तारूढ दल के कई अन्य नेताओं तथा शहर के प्रभावशाली लोगों ने इसी तरह से कब्जा किया हुआ हैं जिसका खामियाजा आम लोगों को भोगना पड़ रहा है। 
गोहिल ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण शहर में नालों की व्यवस्था ठीक नहीं हुई है। पटना को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाने वाली सरकार के प्रशासन ने ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के तहत पटना में नालों को ठीक करने के लिए आवंटित धन राशि में भ्रष्टाचार किया है। योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गयी है लेकिन पानी की निकासी उन से नहीं हो रही है। 
प्रवक्ताओं ने कहा कि पहले भी पटना में बाढ आयी है लेकिन ऐसे हालात पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी की निकासी के लिए पम्प सिस्टम है लेकिन 80 प्रतिशत पम्प काम ही नहीं कर रहे हैं। प्रशासन अगर बाढ से निपटने की ठीक तरह से तैयारी करता और सीवर लाइन तथा नालों को दुरुस्त बना लिया होता तो हालात इस तरह से बदतर नहीं होते।

भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिये 125 उम्मीदवारों की सूची जारी की

Desk Team