बहुजन समाज पार्टी ने इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है। बसपा ने पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। बसपा के बिहार प्रभारी अनिल कुमार ने गुरुवार को पूर्वी चंपारण के मुख्यालय मोतिहारी में कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार बसपा राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि न एनडीए और न ही महागठबंधन से कोई समझौता किया जाएगा। अनिल कुमार ने कहा कि जनता अब दोनों बड़े गठबंधनों से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा, एनडीए और महागठबंधन दोनों ने जनता से सिर्फ झूठे वादे कर उन्हें ठगने का काम किया है। अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है और वह बदलाव बहुजन समाज पार्टी लेकर आएगी।
बसपा की राज्यव्यापी यात्रा
उन्होंने बताया कि बहुजन समाज पार्टी 10 सितंबर से एक राज्यव्यापी यात्रा शुरू करने जा रही है, जो कैमूर जिले से प्रारंभ होगी। यह यात्रा बिहार के जिलों में जाएगी और आम जनता से संवाद स्थापित करेगी। इस यात्रा का मकसद कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को पहुंचाना है। अनिल कुमार ने कहा, इसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे और यह यात्रा 18 सितंबर को मोतिहारी भी पहुंचेगी। बसपा प्रभारी ने कहा कि पार्टी मायावती की विचारधारा और महापुरुषों के सिद्धांतों पर चलती है।
मोतिहारी में कार्यकर्ताओं की बैठक
अनिल कुमार ने कहा, बसपा एक ऐसी पार्टी है जो किसी विशेष वर्ग की नहीं, बल्कि हर आम आदमी की आवाज है। हम सत्ता के लिए नहीं, समाज के अंतिम व्यक्ति की भलाई के लिए चुनाव लड़ते हैं। बसपा महापुरुषों की विचारधारा से चलने वाली पार्टी है। हमारी पार्टी बिहार की जनता के साथ गठबंधन करेगी। मोतिहारी में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्हें चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।


Download Android App
Download iOS App



