बिहार विधानसभा चुनाव : तीसरे चरण का मतदान समाप्त, कुल 55 फीसदी हुआ मतदान

Summary :

चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को 55 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ तथा आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को 55 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ तथा आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है। उप चुनाव आयुक्त चंद्र भूषण कुमार ने पत्रकारों को बताया कि शाम को 55.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बाद में रात तक आंकड़ा बढ़ने की संभावना है और मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के करीब है। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में राज्य की 78 सीटों पर चुनाव हुआ और इस चरण में 1,204 उम्मीदवार मैदान में थे।
अधिकारियों ने बताया कि सभी 33,782 मतदान केन्द्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ था। मतदान के लिए इतनी ही संख्या में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपीएटी मशीनें लगाई गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।

Desk Team