बिहार: BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की नेताओं के साथ बैठक, चुनावी तैयारियों पर चर्चा

Summary :

भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी अभियान के लिए टास्क सौंपे

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। सभी दलों ने चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर में पहुंचकर नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं मंगलवार को केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पटना पहुंचे और बिहार भाजपा के नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी अभियान को धार देने के लिए टास्क सौंपे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिहार के मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आए और उनका स्वागत किया गया। उन्होंने बिहार सरकार में भाजपा के सभी मंत्रियों से विभाग में चल रही योजनाओं की जानकारी ली और तमाम विकास के कार्यों की चर्चा की। उन्होंने भविष्य में होने वाले कार्यों पर भी बात की।

बबलू ने बताया क‍ि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ‘मिशन-2025’ को फतह करने के लिए भी टास्क दिया है।बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि भविष्य के कार्यक्रमों को लेकर पार्टी की निरंतर बैठक होती है। उसी बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्देशन मिला।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बैठक को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा बिहार की कोर कमिटी की बैठक में सम्मिलित हुआ और संगठन की आगामी कार्य योजनाओं को लेकर उपस्थित गणमान्यों से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

इससे पहले मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री मंगल पांडेय और विजय चौधरी भी मौजूद थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.