Bihar Cabinet Expansion: बिहार में कैबिनेट विस्तार की रुपरेखा पूरी तरह तैयार हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। राज्य में सम्राट कैबिनेट का 7 मई को विस्तार होगा, इसमें कुल 27 मंत्री शपथ लेंगे। इसमें JDU और BJP के बीच बराबरी का फॉर्मूला तय किया गया है। इसमें दोनों दलों से 13-13 मंत्री शपथ लेंगे। इस बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक गांधी मैदान को चुना गया है, यहां भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
किस पार्टी से कितने मंत्री होंगे
7 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के दौरान 27 मंत्रियों के शपथ लेने की उम्मीद है। गठबंधन के अंदर मंत्री के पदों का बंटवारा, हर पार्टी के पास मौजूद विधायकों की संख्या के आधार पर तय किया गया है। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी से 12 और JDU से 11 नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा सहयोगी दलों को भी जगह दी गई है, जिसमें लोजपा (रामविलास) कोटे से 2 मंत्री, RLM और HAM से 1-1 मंत्री बनाए जाएंगे।
6 मई को महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक
सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली से पटना लौटे और जिसके बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट विस्तार के लिए नामों की अंतिम सूची और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने 6 मई को शाम 5:00 बजे एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक बुलाई है, इसके बाद मंत्रियों के नामों की आधिकारिक घोषणा किसी भी समय हो सकती है।
समारोह में शामिल हो सकते हैं PM मोदी और अमित शाह
शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया जाएगा। यहां इस समारोह को लेकर भव्य तैयारियां चल रही हैं। आयोजन स्थल को 4 हिस्सों में बांटा गया है और आम लोगों के लिए सभी गेट फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। यहां करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम कितना भव्य होने वाला है।
सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक करीब 3000 जवान तैनात किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन के साथ-साथ बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह में शामिल हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




