बिहार की राजधानी पटना में जेईई, नीट परीक्षा को स्थगित कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच परीक्षा कराना कहीं से भी उचित नहीं है।
कांग्रेस के विभिन्न इकाईयों के नेता और कार्यकर्ता पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोरोना महामारी और बाढ़ के बीच परीक्षा का आयोजन छात्रों की जान से खिलवाड़ है। कांग्रेस नेता श्याम सुंदर सिंह धीरज ने कहा कि सरकार ने इस माहौल में परीक्षा लेने का फैसला बड़े-बड़े संस्थाओं को फोयदा पहुंचाने के लिए लिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को तत्काल इस परीक्षा को स्थगित करना चाहिए क्योंकि, बिहार में बाढ़ और कोरोना का खतरा विकराल रूप लेता जा रहा है। ऐसे में परीक्षा लेना बिल्कुल अनुचित है। इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल ने कहा कि बाढ़, कोरोना के कारण परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना खतरनाक और मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि यह ऑनलाइन सरकार चलाने वाले नीतीश-मोदी सरकार को समझ नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि इस दौर में परीक्षा लेना छात्रों के साथ अन्याय है। इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



