बिहार : कन्हैया कुमार बेगूसराय से भाकपा उम्मीदवार

Summary :

आरोप साबित करवाने में अब तक असफल रही है। कन्हैया बदनाम किए जाने का बदला लेने के लिए पूरा जोर लगाएंगे, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। 

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को बिहार के बेगूसराय से चुनाव मैदान में उतारने की औपचारिक घोषणा की। भाकपा की राज्य इकाई के सचिव सत्यनारायण सिंह ने यहां कहा, ‘कन्हैया बेगूसराय से भाकपा के उम्मीदवार होंगे।’ राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और अन्य दलों के महागठबंधन द्वारा भाकपा को बेगूसराय सीट नहीं दिए जाने के दो दिन बाद यह घोषणा हुई है।

राजद ने तनवीर हसन को फिर बेगूसराय से चुनाव मैदान में उतारा है। हसन 2014 में चुनाव हार गए थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को बेगूसराय सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है, जिससे इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

भाजपा ने 2014 में यह सीट जीती थी। देश के विभिन्न हिस्सों में भाजपा-आरएसएस के खिलाफ जनसभाएं करते रहे कन्हैया कुमार ने यहां रविवार को मीडिया से कहा कि उनकी मुख्य लड़ाई गिरिराज सिंह से है, न कि राजद से। भाजपा कन्हैया कुमार को ‘देशद्रोही’ के रूप में प्रचारित करती रही है, लेकिन उन पर आरोप साबित करवाने में अब तक असफल रही है। कन्हैया बदनाम किए जाने का बदला लेने के लिए पूरा जोर लगाएंगे, इससे इनकार नहीं किया जा सकता।

Desk Team