Bihar: औरंगाबाद में आठ नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Summary :

अवैध रूप से लेवी वसूलने के आरोप में आठ नक्सली गिरफ्तार

बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र में एक नहर निर्माण में लगी निजी कंपनी से अवैध रूप से लेवी वसूलने के आरोप में आठ नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कई हथियार भी बरामद किए गए हैं। औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने मंगलवार को बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त छापेमारी में आठ नक्सलियों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में आग्नेयास्त्र और अन्य चीजें भी बरामद की हैं।

Bihar: मोतिहारी पुलिस का एक्शन, 72 घंटे में 969 अपराधी, शराब तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार नक्सलियों में नवीनगर के माली थाना क्षेत्र के बेला खैरा निवासी बली राम, बेरिया निवासी कृष्णा पाल, बीरबल बिगहा निवासी मिथलेश यादव, टंडवा थाना के बेनी निवासी नरेश राम, झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र निवासी छोटू सिंह, नवीनगर थाना के नावाडीह निवासी मिथिलेश कुमार सिंह, कुड़वां निवासी छोटन कुमार और जसोईयां निवासी लल्लू सिंह शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों ने गत 7 मार्च को नहर निर्माण कर रही कंपनी के संवेदक से लेवी मांगने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि वे भाकपा (माओवादी), झारखंड जनमुक्ति मोर्चा परिषद और तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति के सक्रिय सदस्य हैं।

अम्बरीष राहुल ने बताया कि नक्सलियों की गिरफ्तारी औरंगाबाद के माली और नबीनगर थाना क्षेत्र से की गई है। उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। चार लॉन्ग रेंज राइफल, एक 303 राइफल, 12 जिंदा कारतूस, एक वॉकी-टॉकी, सात सेट चितकबरा वर्दी, झारखंड जनमुक्ति मोर्चा परिषद का लेटर हेड, मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। बताया गया कि नरेश राम और कृष्णा पाल पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.