बिहार : चुनाव से पहले RJD को एक और झटका, विधायक वीरेंद्र कुमार ने थामा JDU का दामन

Summary :

बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ जनता दल यूनाइटेड नेता लल्लन सिंह ने आरजेडी विधायक वीरेंद्र कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलवाई।

विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को एक बार फिर झटका लगा है। मंगलवार को बेगूसराय जिले के तेघड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार ने जेडीयू का दामन थाम लिया। बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ जनता दल यूनाइटेड नेता लल्लन सिंह ने वीरेंद्र कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलवाई।
वीरेंद्र कुमार से पहले आरजेडी के 6 एमएलए और 5 एमएलसी पार्टी छोड़ कर जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम चुके हैं। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन के कारण वीरेंद्र कुमार की पार्टी सदस्यता ग्रहण के मौके पर आयोजित मिलन समारोह कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। जेडीयू कार्यालय में बिना किसी कार्यक्रम के वीरेंद्र यादव को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
जेडीयू का दामन थामने के बाद वीरेंद्र कुमार ने कहा, “मैं शुरू से नीतीश कुमार के साथ रहा हूं। वह हमारे बड़े भाई की तरह हैं. विकास का जितना काम नीतीश कुमार ने किया है उतना किसी ने नहीं किया। आरजेडी में कोई कहीं से भी आता है और उसे टिकट मिल जाता है। मुंबई या कोलकाता से कोई भी आ जाता है और उसे टिकट मिल जाता है। जनता इन सब का जवाब देगी।”
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में दलबदलू का दौर जारी है। वहीं महागठबंधन में शामिल जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) ने खुद को अलग कर लिया है। बता दें कि बिहार में इसी महीने चुनाव की घोषणा हो सकती है। राज्य में अक्टूबर-नवंबर 2020 में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव होने हैं।

Desk Team