पुरनहिया थाना क्षेत्र के हथसार में शनिवार शाम जनसंपर्क के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने शिवहर विधानसभा क्षेत्र से जनता दल राष्ट्रवादी के प्रत्याशी सह पूर्व राजद नेता श्रीनारायण सिंह और उनके समर्थक हथसार निवासी राजेंद्र महतो के पुत्र संतोष कुमार (30) की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, प्रत्याशी के समर्थकों ने एक हत्यारे को मौके से दबोच लिया, जिसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
बताया जाता है कि शिवहर जिले के पुरनैहिया प्रखंड के हथसार गांव में शनिवार की शाम चुनाव प्रचार कर रहे जनता दल राष्ट्रवादी के प्रत्याशी श्रीनारायण सिंह समेत चार लोगों पर तीन बदमाशों ने जमकर फायरिंग कर दी। इसमें श्रीनारायण समेत तीन लोग जख्मी हो गये। इलाज के लिए सीतामढ़ी ले जाने के क्रम में श्रीनारायण सिंह ने दम तोड़ दिया।
फायरिंग में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए सीतामढ़ी के नंदीपत मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां संतोष साह की मौत हो गयी, जबकि दूसरा घायल आलोक रंजन उर्फ डब्ल्यू खतरे से बाहर है। एक अन्य घायल का इलाज शिवहर के एक अस्पताल में चल रहा है। शाम के तकरीबन छह बजे श्रीनारायण सिंह अपने समर्थकों के साथ हथसार गांव में रामउदय साह के घर के सामने लोगों से मिल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
आपको बता दे कि श्रीनारायण सिंह पर 6 केस हैं। अवैध हथियार रखने के मामले में उन्हें 2 साल की सजा भी हो चुकी है। वो शिवहर के नया गांव के निवासी थे। वो नयागांव पंचायत के मुखिया और डुमरी कटसरी से जिला परिषद के सदस्य भी रह चुके थे।
श्रीनारायण राजद के जिला उपाध्यक्ष थे। माना जा रहा था कि इस बार शिवहर से उन्हें राजद का उम्मीदवार बनाया जाएगा, लेकिन उनको टिकट नहीं मिला। इससे नाराज होकर श्रीनारायण सिंह ने राजद छोड़ दी और जनता दल राष्ट्रवादी की टिकट पर चुनाव में उतरे थे। ये पार्टी पूर्व सांसद रंजन यादव ने बनाई है, जो कभी लालू के करीबियों में थे और बाद में लालू यादव को ही पाटलीपुत्र लोकसभा सीट से हराया भी था।


Download Android App
Download iOS App



