Bihar: 15 साल पुरानी गाड़ी नहीं चलती तो 20 साल पुरानी सरकार क्यों चलेगी: तेजस्वी यादव

Summary :

Bihar में चुनावी बयानबाजी तेज, तेजस्वी ने साधा नीतीश पर निशाना

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की सरकार पर जोरदार कटाक्ष करते हुए कहा कि जब 15 साल पुरानी गाड़ी के चलने की अनुमति नहीं है तो 20 साल पुरानी सरकार क्यों चलेगी।

दरअसल, इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसे लेकर बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में राजद नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, “बिहार में 15 साल पुरानी गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है क्योंकि वह ज़्यादा धुंआ फेंकती है, प्रदूषण बढ़ाती है, जनता के लिए हानिकारक है तो फिर एनडीए की 20 साल पुरानी जोड़-तोड़, पलटा-पलटी वाली खटारा सरकार क्यों चलेगी? 20 वर्षों की नीतीश सरकार ने विगत 20 साल में बिहार के हर गली-हर टोला-हर गांव में गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन रूपी भयंकर प्रदूषण फैला दिया है।”

उन्होंने आगे लिखा, “नीतीश-भाजपा सरकार ने 20 वर्षों में दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद कर दिया। अब यह सरकार बिहारवासियों पर बोझ बन चुकी है। अब इसे बदलना अति आवश्यक है।राजद नेता तेजस्वी यादव आगे लिखते हैं, “बिहार के युवाओं ने ठान लिया है कि अब 20 साल पुरानी खटारा, जर्जर, बीमार और थकी हुई अविश्वसनीय नीतीश-एनडीए की सरकार को हटा कर एक नई सोच, नए विजन, नए जोश और नई दिशा वाली युवा एवं नौकरी-रोजगार व विकास कार्यों को समर्पित विश्वसनीय जुनूनी सरकार को लाना है तथा नया बिहार बनाना है।”

विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते रहे हैं। कानून व्यवस्था को लेकर वे आपराधिक घटनाओं का आंकड़ा भी जारी करते रहे हैं। हालांकि सत्ता पक्ष पलटवार करने में भी देरी नहीं करती है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.