Bihar Motihari Hooch Tragedy : बिहार के मोतिहारी जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से मौत और बीमारी का मामला सामने आया है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में चंदू साह नामक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बीमार लोगों का इलाज शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार, इन लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित हो गई है, जिस चलते मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इलाके में पहले भी जहरीली शराब से जुड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
Bihar Motihari Hooch Tragedy: पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
ऐसा नहीं है कि यह पहला मामला है, बल्कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में करीब ढाई साल पहले भी जहरीली शराब का मामला सामने आया था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद अवैध शराब कारोबारियों की गतिविधियां पूरी तरह थमती नहीं दिख रही हैं।
ताजा घटना ने एक बार फिर इलाके में अवैध शराब के कारोबार को लेकर चिंता बढ़ा दी है. जानकारी के मुताबिक, मृतक चंदू साह ई-रिक्शा चालक था। वहीं गंभीर रूप से बीमार लोगों में लोहा ठाकुर, लड्डू साह उर्फ जितेंद्र और राहुल शामिल हैं। जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है.
बता दें, लोहा ठाकुर एक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है। वहीं, लड्डू साह उर्फ जितेंद्र पिकअप वाहन चलाता है। राहुल पेशे से फोटोग्राफर बताया जा रहा है।
Hooch Tragedy in Bihar: डॉक्टरों ने जताई जहरीली स्पिरिट की आशंका

डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों ने पेट दर्द, बेचैनी और नजर धुंधली होने की शिकायत की थी। इन लक्षणों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहरीली स्पिरिट मिली शराब का सेवन किया होगा।
लोहा ठाकुर की पत्नी ने बताया कि उनके पति शाम को घर लौटे थे और सुबह देर तक सोते रहे। जब वे उठे तो उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि जिस चंदू साह की मौत हुई, उसके परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। इस कारण उनकी मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।
हालांकि बाद में सामने आई अन्य मौतों और बीमारियों के मामलों को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि सभी ने कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन किया था।
Delhi Police Bawana LPG Racket: पुलिस ने शुरू की जांच, SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई संदिग्ध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
तुरकौलिया थाना क्षेत्र में मृतक प्रमोद यादव के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता नागा रॉय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इसके अलावा लापरवाही के आरोप में परसौना के चौकीदार भरत रॉय को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जहरीली शराब कहां से आई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी।
यह भी पढ़ें – ‘बिहार को गरीब और पिछड़ा बताना बंद करें’, Chirag Paswan का Tejashwi और RJD पर तीखा हमला


Download Android App
Download iOS App




