बिहार में नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र में आज सुबह अपराधियों ने एक प्रोफेसर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बिहारशरीफ के जलालपुर मुहल्ला निवासी प्रोफेसर अरविंद कुमार अहले सुबह टहलने निकले थे तभी एक होटल से कुछ दूर मिल्की के निकट पूर्व से घात लगाये मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल प्रोफेसर को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में उनकी मौत हो गयी। सूत्रों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। प्रोफेसर अरविंद बिहारशरीफ के पैरू महतो सोमारी कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



