बिहार में समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना के जर्नादनपुर गांवव में अपराधियों ने आज सुबह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव और पूर्व जिला परिषद, उपाध्यक्ष रघुवर राय की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि राजद नेता रघुवर राय आज सुबह जिले के जर्नादनपुर गांव स्थित अपने घर के दरवाजे पर खड़ थे तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया।
राजद नेता रघुवर राय को दरभंगा के एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। राजद नेता की हत्या के विरोध मे आक्रोशित ग्रामीणों और राजद कार्यकर्ताओ ने जिले के जर्नादनपुर, बरहेत्ता एवं कल्याणपुर चौक पर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है जिसके कारण समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य पथ पर यातायात पूरी तरह से बाधित है।
वहीं इस घटना पर आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ‘नीतीश कुमार जी, सत्ता संरक्षित गुंडों को संभालिए। किस बात और किस काम के गृहमंत्री बने कुर्सी से चिपक कर बैठे हैं? आपके द्वारा संरक्षित अपराधी रालोसपा और राजद के नेताओं की चुन-चुन कर हत्या कर रहे हैं, लेकिन आजतक आपकी जुबान का ताला नहीं खुला है। घोर निंदनीय..’।
आक्रोशित राजद कार्यकर्ता हत्याकांड मे शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और कल्याणपुर थाना के थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग कर रहे है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता और समस्तीपुर के विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने इस हत्याकांड की तीव्र निंदा करते हुए आरोप लगाया कि बिहार मे राजद समेत विपक्षी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को टारगेट कर हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा की सरकार जब नेताओं एवं कार्यकताओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही है, तो आमलोग कैसे सुरक्षित रह पायेंगे।


Download Android App
Download iOS App




