Bihar Road Accident: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल लौरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार यात्री बस अचानक बैलेंस खोते हुए सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे में 5 लोगों के मरने की खबर सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। यह हादसा बेतिया-लौरिया मेन मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान सड़क के किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग वहां मौजूद थे। इसी बीच गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही एक यात्री बस सामने से आ रहे ट्रक के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क किनारे कार्यक्रम की ओर चली गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
अचानक मची चीख-पुकार
बस के भीड़ में घुसते ही मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मृतकों के परिजनों के अनुसार हादसे में 5 लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में बताई गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से खबर लिखे जाने तक 5 मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
इस हादसे में सबसे ज्यादा दुखद बात यह रही कि मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल बताए जा रहे हैं। उनके घर में ही बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार और गांव के लोग बच्चे के जन्म की खुशी मना रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में वही घर मातम में बदल गया। बताया जा रहा है कि देवेंद्र दुबे के बच्चे की उम्र महज छह दिन है। हादसे में पिता की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खुशी के मौके पर हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बेतिया जीएमसीएच भेजा गया। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब कुछ अचानक हुआ। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और तेज रफ्तार बस कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।
गुस्साए लोगों ने बस और ट्रक में की तोड़फोड़
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साई भीड़ ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। हालात बिगड़ते देख नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की सही वजह का पता लगाया जा रहा है।



Download Android App
Download iOS App




