बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को तड़के अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के क्रम में दो लोगों को गोली मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, हाजीपुर के युसूफपुर मुहल्ला निवासी प्रोफेसर अनिल कुमार अपने चचेरे भाई अंगद कुमार के साथ रिक्शा से हाजीपुर स्टेशन आ रहे थे।
इसी दौरान मड़ई चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने उनसे लैपटॉप और अन्य सामान लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी और फरार हो गए।
गोली लगने से घटनास्थल पर ही सहरसा के सौरबाजार निवासी अंगद की मौत हो गई जबकि प्रोफेसर अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। अनिल एक स्थानीय निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाते हैं। हाजीपुर नगर थाना के प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि घायल अनिल कुमार को इलाज के लिए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



