2024 में देश में लोकसभा के चुनाव होने हैं, ऐसे में तमाम पार्टियां इस जीत के लिए अपना दमखम लगा रही है। वहीं इन सब के बीच भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में हाल में हुई अपराधिक घटनाओं को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है और पार्टी ने कहा कि वह देश का प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, जबकि वह अपने ही राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभाल नहीं पा रहे हैं।
रविशंकर प्रसाद ने नीतिश कुमार को लेकर कही बड़ी बातेें
पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए हाल ही में दिल्ली आए नीतीश कुमार का संज्ञान लेते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने आश्चर्य जताया कि क्या यह पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति उनके प्रेम की ‘ईमानदार’ अभिव्यक्ति है या वह अपने सहयोगियों को ‘कुछ’ दिखाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘नीतीश बाबू आपको क्या हो गया है? कुछ दिन पहले बिहार में एक पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद एक पत्रकार की हत्या कर दी गई. आज एक खबर आई कि गया में एक बालू माफिया ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। नीतीश बाबू आप बिहार को संभाल नहीं पा रहे हैं। बिहार का ख्याल रखें और देश की चिंता छोड़ दें. प्रसाद ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है।
बिहार में आतंक का राज
पूरे मामले को लेकर उन्होनें आगे कहा कि बिहार में आतंक का राज है। लोग डर में जी रहे हैं क्योंकि बालू माफिया और अपराधियों को उन प्रभावशाली लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है जो उन (सहयोगियों) से जुड़े हैं जिनके साथ आपने (नीतीश कुमार) राज्य में सरकार बनाई है। नीतीश कुमार द्वारा 16 अगस्त को दिल्ली में वाजपेयी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पर प्रसाद ने कहा कि यह अच्छा है कि वह राष्ट्रीय राजधानी में उनके समाधि स्थल पर गए। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों अटल जी का सम्मान करते हैं लेकिन आप अटल जी को इतना याद क्यों कर रहे हैं?’ उन्होंने कहा, ‘आपका ईमानदार ‘अटल प्रेम’ है या आप अपने सहयोगियों को कुछ दिखा रहे हो.’ प्रसाद ने कहा, ‘आप (नीतीश) अटल जी का सम्मान करना जारी रखिए. पूरा देश उनका सम्मान करता है। लेकिन मैं आपसे केवल एक अनुरोध करूंगा कि उनके नाम पर राजनीति न करें. यह आपको मेरा विनम्र सुझाव है।


Download Android App
Download iOS App



