राजधानी पटना के गर्दनीबाग इलाके में इन दिनों BPSC अभ्यर्थी लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थी 13 दिसंबर को बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में धांधली का आरोप लगा परीक्षा को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, आयोग ने किसी भी तरीके के पेपर लीक होने की आशंका से इंकार किया है। बता दें, अभ्यर्थियों ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा की फिर से परीक्षा की मांग को लेकर बुधवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखी।
BPSC अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन तेज
पटना में इस समय BPSC अभ्यर्थियों विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। वे इस परीक्षा को दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। हालांकि आयोग का कहना है कि कोई पेपर लीक ही नहीं हुआ है। अभ्यर्थियों का रहना है, ‘हम बस शांतिपूर्ण तरीके से बीपीएससी के समक्ष अपनी मांग रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हम पिछले आठ दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।’
प्रदर्शन में शामिल हुए पप्पू यादव
इस मामले पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव बुधवार को विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और विपक्षी सांसदों और विधायकों से छात्रों के मुद्दे का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘हम सभी विपक्षी सांसदों और विधायकों से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह करते हैं। लोगों को पूरे बिहार में सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों और विधायकों के आवासों के बाहर बैठना चाहिए। इसमें राजनीति क्या है? ये छात्र इतने दिनों से विरोध कर रहे हैं और उनकी एकमात्र मांग फिर से परीक्षा कराना है।‘
खान सर ने की छात्रों से मुलाकात
यूट्यूबर और शिक्षक फैजल खान, जिन्हें खान सर के नाम से जाना जाता है, भूख हड़ताल में भाग लेने वाले छात्रों से मिलने गए। प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने के बाद खान ने बिहार लोक सेवा आयोग से अभ्यर्थियों की दुर्दशा पर विचार करने का आग्रह किया, जिनमें से कई पिछले चार-पांच दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि 4-5 छात्रों की हालत गंभीर है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है।


Download Android App
Download iOS App




