लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई सांसद चिराग पासवान जी ने कहा है कि वे आज भी अपने उस बयान पर कायम हैं जिसमें उन्होेंने कहा था कि बिहार में मध्यावधि चुनाव होंगे।
नई दिल्ली से पटना पहुंचने पर आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की सत्ता में बैठे दो प्रमुख घटक दल जिस तरह से एक दूसरे की पोल खोल रहे हैं उसे देखते हुए सरकार की स्थिरता के प्रति कोई कैसे इत्मीनान रह सकता है। उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना, विशेष राज्य का दर्जा सहित कई ऐसे अहम मुद्दे हैं जिसपर एनडीए के अंदर घटक दलों का स्टैंड पहले से स्पष्ट है फिर भी इसे लेकर जद(यू) की ओर से जो कुछ कहा जा रहा है उसका मतलब सामान्य तो नहीं हो सकता।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चंदन सिंह ने बताया कि लोजपा(आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पुनः दुहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीएम बनने की इच्छा पाले हुए हैं और इसलिए वे एनडीए से बाहर निकलने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी का मूल्यांकन उसके सांसद एवं विधायकों की संख्या के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि हमारी पार्टी सियासी नफा-नुकसान नहीं देखती। हमारी चिंता बिहार और बिहार के लोगों की समस्याओं से जुड़ी है जिसे लेकर हमारा संघर्ष और हमारी कोशिश निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव में पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने के निर्णय को सही बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बढ़ता है।


Download Android App
Download iOS App



