CM नीतीश कुमार ने गृह और आपदा प्रबंधन विभाग का किया निरीक्षण

Summary :

नीतीश कुमार ने गृह विभाग में दिए अहम दिशा-निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटेल भवन पहुंचकर गृह और आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।सीएम नीतीश कुमार ने पटेल भवन स्थित द्वितीय तल पर गृह विभाग स्थित अपने कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और राज्य की कानून व्यवस्था एवं पुलिस की गतिविधियों की बेहतरी के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग समय पर कार्यालय आकर अपने कार्यों का बेहतर ढंग से निपटारा करें। पुलिस पर लोगों का पूरा भरोसा है।

कानून व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश जारी

सीएम नीतीश कुमार ने कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र भी गए और वहां की व्यवस्थाओं और कार्य पद्धतियों की जानकारी ली। विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की कार्य पद्धति की जानकारी देते हुए बताया कि यह केंद्र 24 घंटे संचालित रहता है। इस केंद्र से राज्य के मौसम, तापमान एवं आपदा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी मिलती है।

आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत उपयोगी केंद्र है। इसका संचालन बेहतर ढंग से करते रहें ताकि राज्य के लोगों को इसका लाभ मिलता रहे। मुख्यमंत्री ने पांचवें तल स्थित बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विभिन्न भागों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं कॉन्फ्रेंस हॉल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कॉन्फ्रेंस हॉल में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को आपदा से बचाव के लिए आप सब बेहतर ढंग से कार्य करते रहें।

Team Desk