बिहार में सत्तरूढ़ जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि उनकी सरकार जनता के आशीर्वाद से ही राज्य में विकास कार्यो को मूर्त्त रूप दे रही है। श्री कुमार ने मुंगेर जिले के तारापुर अनुमंडल मुख्यालय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के जमुई संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार चिराग पासवान के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य में विकास के प्रति संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि बिहार में जो विकास के कार्य हुए हैं, यह सब जनता के आशीर्वाद से ही संभव हो सका है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए लोजपा प्रत्याशी चिराग पासवान को भारी मतों से विजयी बनायें। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता के आर्शीवाद से उनके शासनकाल में उन्होंने राज्य में विकास की योजनाओं को गति प्रदान की। श्री कुमार ने कहा कि 13 वर्ष पूर्व बिहार का बजट मात्र चार हजार करोड़ होता था, जो अब बढ़कर दो लाख करोड़ तक पहुंच गया है। सभा को रामनाथ ठाकुर, जदयू विधायक डा। मेवालाल चौधरी के अलावा अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।


Download Android App
Download iOS App



