चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव को उनके बड़े बेटे तेज प्रताप की एक हरकत ने काफी दुखी कर दिया है। शुक्रवार को तेज प्रताप ने पटना के फैमिली कोर्ट में अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक की अर्जी दी थी। सूत्रों के मुताबिक यह सुनकर रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती लालू की तबीयत और अधिक बिगड़ने की खबर है। पारिवारिक सूत्रों की मानें तो तेज प्रताप के इस फैसले से लालू परिवार सकते में है। तेज प्रताप और ऐश्वर्या की शादी इसी साल 12 मई को पटना में धूमधाम से हुई थी। शादी में शामिल होने के लिए लालू को विशेष परोल मिली थी।
तलाक की अर्जी लगाने के बाद शुक्रवार को ही तेज प्रताप अपने पिता से मिलने रांची रवाना हो गए थे। लेकिन परिवार के समझाने-बुझाने पर वो गया में रुक गए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक तेज प्रताप शनिवार सुबह यहां से रांची के लिए रवाना हो गए हैं। वो रिम्स अस्पताल में सुबह 11 बजे के करीब पिता लालू यादव से मुलाकात कर सकते हैं।
आरजेडी विधायक की तलाक की अर्जी पर कोर्ट में 29 नवंबर को सुनवाई होनी है। उनके वकील यशवंत कुमार शर्मा ने कहा, ‘मैं इस बारे में अधिक कुछ नहीं कह सकता। मेरे मुवक्किल ने मुझसे सिर्फ इतना कहा कि उनका और उनकी पत्नी का आपस में तालमेल नहीं बैठ पा रहा है इसलिए वो तलाक चाहते हैं।’


Download Android App
Download iOS App



