बिहार में उद्योग के लिए सबसे ज्यादा संभावनाएं और सबसे बेहतर माहौल

Summary :

बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने एक बार फिर उद्योग और कारोबार जगत के लोगों को बिहार आने का न्योता दिया है।

दिल्ली में कारोबारियों के शिखर सम्मेलन में बोले उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन
बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने एक बार फिर उद्योग और कारोबार जगत के लोगों को बिहार आने का न्योता दिया है। दिल्ली में राष्ट्रीय जन व्यापार उद्योग संगठन द्वारा आयोजित ‘व्यापारी शिखर सम्मेलन’ और ‘उद्योग संवाद’ कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उन्होंने देश भर से जुटे संगठन के उद्योग और कारोबार जगत के सदस्यों से कहा कि बिहार के प्रति उद्योग जगत में विश्वास काफी बढ़ चुका है।
बिहार में अब तक आए उद्योग जगत के लोगों ने अपनी आंखों से देख लिया है कि बिहार उद्योग क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। बिहार में उद्योगों के तेजी से बढ़ोतरी के लिए जैसी आधारभूत संरचना चाहिए, वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के पिछले कार्यकाल में पूरी तरह तैयार किया जा चुका है। इसलिए उद्योग के लिए बिहार में इस वक्त सबसे ज्यादा संभावनाएं और सबसे बेहतर माहौल है। उन्होंने कहा कि बिहार में निवेश तेजी से बढ़ रहे हैं।
देश के उद्योगपतियों या कारोबार जगत के लोगों का विश्वास इसी तरह बना रहा तो औद्योगिक विकास और रोजगार की बिहार वासियों की उम्मीद जरूर पूरी होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में अब टेक्सटाइल प्रक्षेत्र के उद्योगों की स्थापना के लिए निरंतर कोशिश की जा रही है। अभी तक टेक्सटाइल सेक्टर के उद्योगपतियों से जितनी भी मुलाकातें हुई है, वो बहुत अच्छी रही है। बिहार में खासकर कुशल श्रम शक्ति की अपार उपलब्धता की वजह से उद्योग जगत के लोग बिहार में निवेश की इच्छा जाहिर कर रहे हैं।
इसके अलावा उद्योग विभाग की तरफ से बिजली, सड़क, हवाई और रेल कनेक्टिविटी की  बेहतरीन आधारभूत संरचना के साथ बिहार और इसके आसपास एक बड़ा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होने की बात भी उद्योग जगत के लोगों को प्रस्तुतीकरण के जरिए समझाई जा रही है। इन प्रयासों से उद्योग जगत में बिहार को लेकर धारणा काफी बदली है। बिहार को लेकर उनका नजरिया काफी बेहतर हुआ है।
उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार के पास बेशक समंदर नहीं लेकिन बिहार के पास हिमालय सा बुलंद हौसला है। बिहार वासी अपनी मेहनत से बड़े बड़े उद्योग खड़ा करने का सामर्थ्य रखते हैं। उन्होंने कहा कि जब दूसरे राज्यों में उद्योगों की सफलता के पीछे बिहार की श्रम शक्ति का अहम योगदान है तो जब बिहार में उद्योग लगेगा तो बिहार के लोग उसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

Desk Team