बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा शनिवार को राज्य की एनडीए सरकार को “खटारा सरकार” बताने पर जदयू ने रविवार को जोरदार पलटवार किया है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि जिन्होंने 15 साल तक बिहार को लूटा, वे आज विकास पर सवाल उठा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा था कि बिहार में 15 साल पुरानी गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है, तो फिर एनडीए की 20 साल पुरानी ‘जोड़-तोड़, पलटा-पलटी वाली खटारा सरकार’ क्यों चलेगी?
खेल के विकास पर बोले Tejasvi Yadav,”बिहार में होंगे IPL और इंटरनेशनल मैच”
जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने रविवार को एक वीडियो बाइट जारी किया है, जिसमें उन्होंने राजद पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी संपत्ति बढ़ाने में मशगूल हैं, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को आगे बढ़ाने में जुड़े हुए हैं। 15 साल तक लालू यादव और राबड़ी देवी के परिवार ने बिहार के जर्रे-जर्रे को लूट लिया है, वे आज विकास की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सेवा की राजनीति करते हैं और तेजस्वी अपने परिवार की राजनीति करते हैं।
जदयू नेता ने आगे कहा कि घोटाला की राजनीति नहीं, बिहार की जनता विकास की राजनीति चाहती है। जर्रे-जर्रे को लूटने वालों को लोकसभा चुनाव में जनता ने राजनीति के औकात पर लाकर खड़ा किया था और 2025 के विधानसभा चुनाव में भी लूटने वालों को जनता दरकिनार करेगी।
तेजस्वी यादव ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा था, "बिहार में 15 साल पुरानी गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है क्योंकि वे ज्यादा धुआं फेंकती हैं, प्रदूषण बढ़ाती हैं, जनता के लिए हानिकारक हैं, तो फिर एनडीए की 20 साल पुरानी जोड़-तोड़, पलटा-पलटी वाली खटारा सरकार क्यों चलेगी? नीतीश सरकार ने विगत 20 साल में बिहार के हर गली-हर टोला-हर गांव में गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन रूपी भयंकर प्रदूषण फैला दिया है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश-भाजपा सरकार ने 20 वर्षों में दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद कर दिया। अब यह सरकार बिहारवासियों पर बोझ बन चुकी है। अब इसे बदलना अति आवश्यक है। बिहार के युवाओं ने ठान लिया है कि अब 20 साल पुरानी "खटारा, जर्जर, बीमार और थकी हुई" अविश्वसनीय नीतीश-एनडीए सरकार को हटा कर एक नई सोच, नए विजन, नए जोश और नई दिशा वाली युवा एवं नौकरी-रोजगार और विकास कार्यों को समर्पित विश्वसनीय जुनूनी सरकार को लाना है तथा नया बिहार बनाना है।


Download Android App
Download iOS App



