जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण की अगुवाई वाले छात्र आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शंकर समाजवादी का आज बिहार के भागलपुर जिले में नाथनगर स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। श्री समाजवादी के परिवार के सदस्य ने यहां बताया कि वह लंबे समय से बीमार थे।
उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक सप्ताह पूर्व ही उन्हें अस्पताल से घर लाया गया था। उनके परिवार में दो पुत्र एवं एक पुत्री है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्री समाजवादी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुये कहा कि वह एक प्रसिद्ध समाजसेवी एवं दल के समर्पित कार्यकर्ता थे। वह जेपी आन्दोलन से जुड़ थे और जेल भी गये थे।
उन्होंने कहा, ‘उनसे मेरा निकट का संबंध था। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुयी है।’ मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उल्लेखनीय है कि श्री समाजवादी भागलपुर में समता पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। समता पार्टी के बाद वह वरीय नेताओं के साथ जदयू मे शामिल हो गए। वह वर्तमान में जदयू जिला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे।


Download Android App
Download iOS App



