बिहार के किशनगंज जिले से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई है। रविवार सुबह सदर थाना परिसर के बैरक में ‘डायल 112’ में तैनात एक सिपाही ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। साथी जवान तुरंत घायल को सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि सिपाही ने यह कदम क्यों उठाया।
कॉल पर पत्नी से बातचीत के दौरान खुद को मारी गोली
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार सुबह करीब 8:00 से 8:15 बजे के बीच हुई। मृतक की पहचान भागलपुर जिला निवासी समीर कुमार के रूप में हुई है। वह किशनगंज में डायल 112 की इमरजेंसी सेवा में तैनात था। सिपाही ने खुद को गोली मारने से पहले अपनी पत्नी को कॉल किया और बातचीत कर रहा था। फ़ोन कॉल के दौरान ही अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसे सुनकर आस-पास मौजूद सहकर्मी भी सन्न रह गए। वह आनन-फानन में घायल सिपाही को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी एफएसएल की टीम
इस घटना को लेकर किशनगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कुमार ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने बताया की शुरुआती जांच में यह मामला पारिवारिक या मानसिक तनाव में की गई आत्महत्या लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेष टीम बैरक से साक्ष्य जुटाए है और साथ ही मृतक सिपाही का मोबाइल फ़ोन भी जब्त कर लिया गया है।
हालांकि अभी जांच जारी है, फोरेंसिक जांच, साक्ष्यों के विश्लेषण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सिपाही की आत्महत्या के पीछे क्या कारण है।


Download Android App
Download iOS App




