लालू प्रसाद को हादसे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए: BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल

Summary :

राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांगा इस्तीफा

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम मची भगदड़ के कारण 18 लोगों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की है। बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि लालू प्रसाद क्या बोलते हैं, वह खुद नहीं जानते।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि लालू यादव की उम्र बहुत ज्यादा हो गई है, इसलिए वह क्या बोलते हैं और क्या नहीं बोलते हैं, उन्हें खुद पता नहीं रहता है। मैं सिर्फ इतना ही कहूंगा कि जब भी कोई हादसा होता है तो विपक्ष को तुरंत राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्हें मामले की गहराई में जाना चाहिए, जब जांच रिपोर्ट आ जाए तो विपक्ष को अपनी बात रखनी चाहिए। मैं विपक्ष को यही नसीहत दूंगा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर कुछ बोले तो अच्छा होगा। नहीं तो लोग कहेंगे कि विपक्ष राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित होकर ऐसा बोल रहे हैं।

लालू प्रसाद द्वारा महाकुंभ पर टिप्पणी करने को लेकर उन्होंने कहा कि किसी धर्म की आस्था पर किसी को भी कुछ बोलने का हक नहीं है। अगर कोई भी नेता धार्मिक आस्था के बारे में कोई टिप्पणी करता है तो उसे समाज और भगवान को भी जवाब देना होगा। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 13 और 14 पर शनिवार देर रात उस समय भगदड़ मच गई जब कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए हैं। रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.