मोदी सरकार -007 “सुपर फ्लॉप” : आप

Summary :

आम आदमी पार्टी, बिहार के प्रभारी एवं बुराड़ी, दिल्ली के विधायक संजीव झा ने मोदी सरकार के कार्यकाल का 7 वर्ष पूरा होने पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि मोदी सरकार पूरी तरह से फ्लॉप है।

पटना  : आम आदमी पार्टी, बिहार के प्रभारी एवं बुराड़ी, दिल्ली के विधायक संजीव झा ने मोदी सरकार के कार्यकाल का 7 वर्ष पूरा होने पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि मोदी सरकार पूरी तरह से फ्लॉप है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति आजादी के बाद कभी भी माईनस (-) में नहीं गया था, जिसे मोदी सरकार ने पूरा कर दिया। यही इस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। देश के दो करोड़ युवाओं को प्रति वर्ष रोज़गार देने का वादा किया था, लेकिन उल्टे लाखों रोज़गार प्राप्त युवाओं को बेरोजगार बना दिया। सौ स्मार्टसिटी बनाने का हसीन सपना,आज सपना ही रह गया। 
श्री झा ने आगे तंज कसते हुए कहा है कि आज हर गाँव और शहर में देश की हर जनता बुलेट ट्रेन की सबारी कर रही है ? उन्होंने कहा कि इनकी सरकार में शिक्षा चौपट, चिकित्सा व्यवस्था चौपट, उद्योग धंधे चौपट, रोज़गार चौपट –सब चौपट हो गया। उन्होंने देश की विदेश नीति को भी चौपट क़रार दिया। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा है कि आख़िर किस बजह से सार्वजनिक संस्थाओं को निजीकरण किया गया? आम जनता इस प्रश्न का उत्तर सरकार से जानना चाहती है। क्या सभी संस्थान घाटे में जा रही थी ? अगर घाटे में जाने के बजह से सार्वजनिक संस्थाओं को बेची गई तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है ? 
साथ ही बिहार के मुख्यप्रवक्ता डॉ शशिकांत ने कहा कि देश में महंगाई सर्वोच्च शिखर पर पहुँच गई है। सरकार अपनी नाकामयाबी को छुपाने के लिए भले ही “कोरोना महामारी” को ढाल बना ले लेकिन जनता सब असलियत समझ चुकी है और सरकार की सारी पोल खुल चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सभी मुद्दों पर फिस्सद्दी सावित हुई है। पूरे दुनिया में सबसे ज़्यादा मौतें “कोरोना बीमारी” से भारत में हुई है। 
इसके लिए सीधे तौर पर देश के प्रधानमंत्री को कठघरे में खड़ा किया है और कहा कि प्रधानमंत्री और इनके नुमाइंदों की बजह से आज भारत का कोना-कोना कोरोना का “हॉट स्पॉट” बन गया है। डॉ शशिकान्त ने देश की आर्थिक हालात को देखते हुए देश के प्रधानमंत्री से अपने पद से इस्तीफा देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा देश को और बुरे दौर का मुँह न देखना पड़े, इसलिए “अविलंब इस्तीफा” राष्ट्रहित में होगा।

Desk Team