बिहार में एनडीआरएफ ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए तैनात की 15 टीम

Summary :

बिहार में कोरोना वायरस से अबतक 60 लोग संक्रमित पाए गए है और एक व्यक्ति की मौत की खबर है। इस घातक बीमारी से निपटने के लिए बिहार में एनडीआरएफ ने सात जिलों में 15 उप टीम की तैनाती की है।

बिहार में कोरोना वायरस से (कोविड-19) से अबतक 60 लोग संक्रमित पाए गए है और एक व्यक्ति की मौत की खबर है। इस घातक बीमारी से निपटने के लिए बिहार में एनडीआरएफ ने सात जिलों में 15 उप टीम की तैनाती की है। पटना के बिहटा स्थित एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिन्हा ने शनिवार को बताया कि बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के अनुरोध पर प्रदेश के सात जिलों सीवान, बेगूसराय, नवादा, गया, मुंगेर, पटना और नालंदा में कुल 15 उप टीम की तैनाती की गयी है। 
उन्होंने बताया कि प्रत्येक उप टीम में छह बचावकर्मी शामिल हैं जो कोरोना वायरस से बचाव के लिए आवश्यक सामग्रियों से लैस हैं। विजय ने बताया कि इसके अलावा पूरे क्षेत्र को संक्रमण मुक्त करने के लिए उच्च शक्ति के फागर के साथ एनडीआरएफ की चार अन्य टीम तैनात की गयी हैं। कोरोना संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित सीवान में दो तथा नवादा और बेगूसराय में एक-एक टीम लगायी गयी है । 

कोरोना संकट को लेकर मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में होम मेड मास्क लगाकर दिखे PM मोदी

बिहार में शुक्रवार तक कोविड-19 के 60 मामले सामने आ चुके हैं जबकि इससे संक्रमित मुंगेर निवासी एक मरीज की 21 मार्च को मौत हो गयी थी । बिहार में कोरोना संक्रमण के अब तक सबसे अधिक 29 मामले सीवान में, मुंगेर में सात, पटना, गया एवं बेगुसराय में पांच-पांच मामले, गोपालगंज में तीन, नालंदा में दो तथा सारण, लखीसराय, भागलपुर और नवादा में एक-एक मामले प्रकाश में आए हैं । बिहार में कोरोना संक्रमण के संदेह में अब तक 6,111 नमूनों की जांच की जा चुकी है और कोरोना संक्रमित 18 मरीज ठीक भी हुए हैं।  

Desk Team