पटना : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर आज उन्हें राष्ट्र ने नमन किया और उन्हे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पटना में राजकीय जयंती समारोह का आयोजन गॉधी मैदान के दक्षिणी पूर्वी कोने पर अवस्थित सुभाष पार्क में किया गया, जहॉ राज्यपाल लालजी टंडन एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जयंती समारोह के अवसर पर पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, पूर्व प्रदेश महासचिव नागरिक परिषद एवं जदयू नेता छोटू सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनके आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल लालजी टंडन ने संयुक्त सशस्त्र बल की सलामी ली साथ ही एनसीसी कैडेट एवं स्काउट गाइड के परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, भजन, कीर्तन एवं देशभक्ति गीत के कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
राजकीय जयंती समारोह के उपरांत पत्रकारों द्वारा ई.वी.एम. से चुनाव कराये जाने से संबंधित पूछे गये प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि ई.वी.एम. पर मेरा स्टैण्ड बिल्कुल साफ है। ई.वी.एम. बिल्कुल ठीक है, जब वी.वी. पैट की व्यवस्था हर बूथ पर होगी तो कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जो बातें कही जा रही है हम उससे सहमत नहीं है। मेरे हिसाब से ई.वी.एम. ने लोगों के मत देने के अधिकार को और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि पहले वैलेट पेपर से जिस तरह से बोगस मतदान होता था, बूथ कब्जा होता था अब ई.वी.एम. के आने के बाद और इसके साथ वी.वी. पैट का सिस्टम के आने से इन सब चीजों में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मतदान पर्ची का वितरण एक-एक घर में होना चाहिये और प्रत्येक परिवार से उसका प्राप्ति प्रमाण भी लेना चाहिये ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हो। ई.वी.एम. पर कॉग्रेस द्वारा जांच की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था आई थी किनके समय में?


Download Android App
Download iOS App



