कांग्रेस में नए महासचिवों की नियुक्ति, बिहार समेत कई राज्यों के प्रभारी बदले

Summary :

भूपेश बघेल और सांसद सैयद नसीर हुसैन को महासचिव नियुक्त किया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को संगठनात्मक फेरबदल करते हुए नए महासचिवों और कई राज्यों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। साथ ही कई दिग्गज नेताओं को उनके पदों से हटाया भी गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन को महासचिव नियुक्त किया गया है। बघेल को पंजाब और नसीर हुसैन को जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख का प्रभार भी दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की जिम्मेदारी सौंपे जाने के साथ नसीर हुसैन को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय से मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा चुनावी राज्य बिहार समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। मोहन प्रकाश की जगह कृष्णा अल्लावरु को बिहार का प्रभारी बनाया गया है। दिग्गज नेता राजीव शुक्ला की जगह महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बी.के. हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चोदनकर को तमिलनाडु और पुडुचेरी, अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना और सप्तगिरि शंकर उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड का प्रभारी बनाया गया है। दीपक बबेरिया, मोहन प्रकाश, भरत सिंह सोलंकी, राजीव शुक्ला, देवेंद्र यादव और अजय कुमार की छुट्टी हो गई है। इन नेताओं से राज्यों के प्रभार वापस ले लिए गए हैं। देवेंद्र यादव पंजाब, अजय कुमार ओडिशा, दीपक बाबरिया हरियाणा, भरत सिंह सोलंकी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इससे पहले गुरुवार को पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.