जातीय जनगणना को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंटकर अपना दृष्टिकोण रखेगा। रक्षा बंधन पर रविवार को पटना स्थित राजधानी वाटिका-2 में पीपल वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधने और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के मौके पर राजधानी वाटिका में पाटली वृक्ष का रोपण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में नीतीश ने कहा, ‘‘कल (सोमवार) पूर्वाह्न 11 बजे मेरे साथ और 10 लोगों को दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलना है। कुछ लोग दिल्ली पहुंच चुके हैं और कुछ लोग आज पहुंचेंगे। हमलोग शुरू से ही जातीय जनगणना को लेकर अपनी बात कह रहे हैं। बिहार ही नहीं पूरे देश में लोग इसके बारे में सोचते हैं। इसी दृष्टिकोण को लेकर कल हमलोग अपनी बात रखेंगे।’’
नीतीश से 2021 में जातीय जनगणना को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से होने वाली भेंट पर सवाल किया गया था। भाजपा के दिग्गज नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर नीतीश ने कहा, ‘‘उनसे हमारा पुराना संबंध रहा है। कल उनके निधन की सूचना मिलते ही हमने शोक प्रकट किया। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और कल उनका निधन हो गया। यह दुखद है, हम उनके प्रति श्रद्धांजलि प्रकट करते हैं।’’
सभी को रक्षा बंधन की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे सभी लोग एक दूसरे की रक्षा करते हैं, भाई, बहन की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार सभी को वृक्षों की भी रक्षा करनी चाहिये। इसी उद्देश्य से 13 अगस्त 2012 को रक्षा-बंधन के दिन मुख्यमंत्री ने ‘‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’’ का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरुक करना और अधिक-से-अधिक पौधारोपण तथा वृक्ष संरक्षण है।


Download Android App
Download iOS App



