बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वह अनर्गल की बातों पर ध्यान नहीं देते, जिनको जो बोलना है बोलता रहे, वह काम करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। पटना में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सीट बंटवारे की घोषणा को लेकर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नीतीश कुमार ने इशारों ही इशारों में विरोधियों, खासकर लोजपा के अध्यक्ष चिराग पासवान पर जमकर निशना साधा।
चिराग पासवान के संदर्भ में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, “कोई क्या बोलता है, फिजूल की बातों पर ध्यान नहीं देते, जिनको जो बोलना है बोलते रहे, हम काम करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।”उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, “लोजपा के पूर्व अध्यक्ष रामविलास पासवान की तबीयत खराब है। हमलोग सभी उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हैं। हमारा उनसे पुराना लगाव है। कोई क्या बोलता है, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।”
नीतीश ने कहा, “कुछ लोग सिर्फ अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं। मुझे इससे दुख नहीं होता, बल्कि हंसी आती है। कौन क्या बोलता है, क्या बोल रहा है और क्या बोलेगा? इन सब से हम लोगों को कोई मतलब नहीं है, हम लोग साथ हैं, साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे और बिहार के विकास के लिए कार्य करेंगे।”
उन्होंने राजद को भी विकास को लेकर आड़े हाथों लिया। कहा, “कुछ लोग अब अनर्गल बातें कर रहे हैं, लेकिन जब उन्हें जनता ने मौका दिया था, तब उन लोगों ने बिहार में अराजकता फैलाने का काम किया है। एक भी काम नहीं था न कानून व्यवस्था, न शिक्षा, न रोड, न बिजली, न स्वास्थ्य। उस समय क्या होता था सिर्फ अपहरण, फिरौती और गुंडागर्दी।”
नीतीश कुमार ने राजग में सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए कहा कि बिहार की 243 सीटों में से भाजपा को 121 सीटें दी गई हैं, जबकि जदयू के हिस्से 122 सीटें आई हैं। उन्होंने कहा कि जदयू ने अपने कोटे से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को सात सीटें दी हैं, जबकि भाजपा अपने कोटे से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को सीटें देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और वीआईपी में बातचीत अंतिम चरण में है।


Download Android App
Download iOS App



