पटना : कैब और एनआरसी को लेकर विपक्ष के बिहार बंद को विफल बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि विरोधी दलों का रवैया जनभावनाओं को भड़काने वाला है। श्री पांडेय ने कहा कि बंदी के नाम पर कांग्रेस और राजद ने सूबे में हिंसा फैलाने का काम किया है। विपक्ष द्वारा न सिर्फ जबरन दुकानें और संस्थानों को बंद कराया गया, बल्कि इस दौरान बल प्रयोग कर राहगीरों और दुकानदारों के साथ मारपीट भी की।
श्री पांडेय ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति कर जनता को भरमाने वाले राजद-कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष नए कानून के नाम पर अल्पसंख्यकों के बीच नफरत फैला अपनी राजनीति रोटी सेंकने का काम कर रहा है। यही नहीं वोट बैंक की राजनीति करने वाली तथाकथित सेक्यूलर पार्टियां देश के अल्पसंख्यकों को बरगला पूरे देश को हिंसा की आग में झोंकना चाह रही है, लेकिन अब देश की जनता ऐसी अवसरवादी पार्टियों के बहकावे में आने वाली नहीं है।
श्री पांडेय ने कहा कि बंद को राज्य की जनता द्वारा नकार देने पर कांग्रेस और राजद के कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी का सहारा लिया, जिससे बंद के दौरान लोग भयभीत नजर आए। जगह-जगह तोड़फोड़ और आगजनी कर राजद ने 15 साल पुरानी अपनी बंद संस्कृति को दिखा जनता को यह बता दिया कि हिंसा ही राजद की राजनीति का पुराना वसूल है।विपक्ष के बांटने और मुस्लिमों को परेशान वाले बयान पर श्री पांडेय ने कहा यह बिल लोगों को बांटने वाला नहीं है, बल्कि वर्षों से भारत में उपेक्षित रह रहे शरणार्थियों के कल्याण के लिए है। किसी के समर्थन में या किसी के खिलाफ नहीं।


Download Android App
Download iOS App



