मुजफ्फरपुर : रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने बिहार में फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि यह संभव है कि नीतीश सरकार में विकास के बहुत काम हुए तो कुछ रह भी गए होंगे लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि उन पर कभी भ्रष्टाचार के दाग लगे हैं।
राजनाथ सिंह ने तीसरे चरण में मुजफ्फरपुर नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश शर्मा के पक्ष में बुधवार को आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोई यह तो कह सकता है कि नीतीश कुमार की सरकार में विकास के बहुत सारे काम तो हुए लेकिन कुछ रह भी गए लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर कभी भ्रष्टाचार के दाग लगे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा, “हमलोगों ने वचन दिया था यदि केंद्र में भाजपा सरकार बनी तो अयोध्या की धरती पर भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा और अब बताने की जरूरत नही है वहां पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। हम चाहते थे कि हिन्दू और मुसलमान के आधार पर भारत का विभाजन नहीं होना चाहिए लेकिन अंग्रेजों के साथ मिलकर कुछ ताकतों ने ऐसा होने पर मजबूर कर दिया और भारत माता के दो टुकड़े हो गए।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के हिन्दू भाइयों ने कहा कि इस देश का कोई मुसलमान भाई यहां रहना चाहता है तो हम उनके साथ परिवार के सदस्य की तरह व्यवहार करेंगे। भाईचारा बनाकर रखेंगे और उनके साथ कोई भेद भाव नही करेंगे। लेकिन, पाकिस्तान में चाहे हिन्दू हो, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी हो या ईसाई उनके ऊपर जिस तरह का जुल्म ढाया गया यह दासता किसी से छुपी नही है।


Download Android App
Download iOS App



