बिहार में तेजी से हो रहा विकास,CM नीतीश कुमार का नेतृत्व सराहनीय: मंत्री जयंत चौधरी

Summary :

बिहार में शिक्षा और कौशल विकास पर जोर: मंत्री जयंत चौधरी

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने शनिवार को यहां कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास कर रहा है और आगे भी हम उसी रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने साफ किया कि जिन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करीब से देखा है या उनके साथ रहे हैं, वे उनका साथ छोड़ नहीं सकते हैं।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री चौधरी शनिवार को पटना आईआईटी दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए पटना पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वे शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे बिहार राज्य में शिक्षा संबंधी और कौशल विकास की परियोजना की समीक्षा करेंगे। केंद्र सरकार की योजना का लाभ बिहार को कैसे मिले, यह हमारी कोशिश है। सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा शुरू होने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बोर्ड के सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे तनाव न लें, अभिभावक भी उन्हें तनाव न दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन बच्चों को कई बातें कही हैं, उन पर अमल करना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली चुनाव परिणाम से जुड़े एक प्रश्न के जवाब में कहा, “दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में एक माहौल है। निर्णय हो गया है नीतीश कुमार का नेतृत्व बिहार को मिल रहा है। उनके मुख्यमंत्री रहते बिहार तेजी से तरक्की कर रहा है। उसी रास्ते पर हम चलेंगे। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के संबंध में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मणिपुर में शांति बहाल हो, यह हम सभी लोगों की इच्छा है। वहां के नौजवान विकास की योजनाओं का लाभ लें, वहां शांति बनी रहे। संभावना जताते हुए कहा कि जल्द ही वहां शांति बहाल होगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.