राजद नेता तेजस्वी यादव ने PM मोदी से पूछे 15 सवाल, कहा – बिहार को नहीं मिला कुछ विशेष

Summary :

बिहारवासी अब झूठ, जुमले और प्रचार नहीं चाहते: तेजस्वी यादव

प्रधानमंत्री मोदी के बिहार आने से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने उनसे 15 सवाल पूछते हुए कहा कि 11 वर्ष से आप प्रधानमंत्री हैं और प्रदेश में 20 वर्षों से आपकी सरकार है लेकिन बिहार को कुछ भी विशेष नहीं मिला है और न ही मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बिहारवासी अब झूठ, जुमले और प्रचार नहीं चाहते। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार में हैं।

प्रदेश में 20 वर्षों से और केंद्र में 11 वर्षों से उनकी एनडीए सरकार है। बिहारवासी उनसे झूठ और जुमला नहीं बल्कि कुछ वाजिब सवाल पूछना चाहते हैं। तेजस्वी यादव ने पूछा, “प्रधानमंत्री कहते थे कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे लेकिन अब 2025 है, किसानों की आय दोगुनी करना तो दूर कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी के कारण उनकी आय कम जरूर हो गई है। इसका दोषी कौन है? बिहार के किसानों की समस्याएं, चुनौतियां और संकट अन्य राज्यों की तुलना में अलग हैं। बिहार में खेतिहर मजदूर और बटाईदार अधिक हैं। उनके लिए डबल इंजन सरकार ने क्या विशेष किया?”

उन्होंने आगे सवाल किया, “बिहार के किसानों की आय, साक्षरता दर, प्रति व्यक्ति निवेश सबसे कम बिहार में क्यों है तथा एनडीए के 20 वर्षों के शासन के बाद भी गरीबी और बेरोजगारी में बिहार अव्वल क्यों रहा?”

तेजस्वी यादव ने जहां केंद्र की पीएम श्री मेगा टेक्सटाइल पार्क योजना के तहत बिहार को टेक्सटाइल पार्क नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए, वहीं बिहार के विशेष राज्य के दर्जे और विशेष पैकेज को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। बंद पड़ी चीनी मिलों को लेकर भी राजद नेता ने सवाल किए हैं। देश की जातीय गणना नहीं होने को लेकर भी प्रधानमंत्री से सवाल पूछे हैं।

उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि चुनावी वर्ष में आगामी कुछ महीनों तक प्रधानमंत्री मोदी को बिहार और बिहारियों की गजब चिंता सताएगी। इस वर्ष उन्हें गंगा मैया, छठी मैया, जानकी मैया, माता सीता, ब्रह्म बाबा, महादेव, सूर्य देव, महात्मा बुद्ध, गुरु गोविंद सिंह, जननायक कर्पूरी ठाकुर, लिट्ठी-चोखा, ठेकुआ, मखाना, आम, लीची, सिल्क उद्योग जुबानी याद आएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.