Bihar News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव शुक्रवार को सीवान की अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (एसीजेएम)-I की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। यह मामला साल 2011 का है, जिसमें उन पर चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। महज पांच मिनट तक चली संक्षिप्त अदालती कार्यवाही के दौरान न्यायाधीश ने लालू यादव के खिलाफ लगे आरोपों को पढ़कर सुनाया और औपचारिक रूप से आरोप तय करने की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान लालू यादव के साथ उनके वकील कामेश्वर तिवारी भी अदालत में मौजूद रहे और उन्होंने अपना पक्ष रखा।
क्या था 2011 का पूरा मामला?
यह पूरा विवाद साल 2011 के बिहार विधानसभा उप-चुनाव के दौरान का है। 8 अक्टूबर 2011 को लालू प्रसाद यादव राजद प्रत्याशी परमेश्वर सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने दरौंदा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे थे। आरोप है कि इलाके में धारा 144 लागू होने के बावजूद उन्होंने प्रशासन से बिना कोई पूर्व अनुमति लिए जनसभा की और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करते हुए भाषण दिया था।
इसी मामले में तत्कालीन अंचल अधिकारी शंकर महतो ने दरौंदा थाने में लालू प्रसाद यादव और राजद उम्मीदवार परमेश्वर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया था। सह-आरोपी परमेश्वर सिंह का निधन हो चुका है, जबकि लालू यादव के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
वारंट और कुर्की के आदेश के बाद दी हाजिरी
इससे पहले अदालत ने इस मामले में कई बार समन भेजा था, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते लालू यादव कोर्ट में हाजिर नहीं हो सके थे। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करते हुए संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे दिया था।
हालांकि, उनके वकील द्वारा लालू यादव के खराब स्वास्थ्य का हवाला दिए जाने के बाद अदालत ने कुर्की की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी और उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का सख्त निर्देश दिया था। इसी आदेश का पालन करते हुए राजद प्रमुख शुक्रवार को सीवान कोर्ट पहुंचे।
लालू यादव गुरुवार शाम को ही सीवान पहुंच गए थे, जहां पचरुखी के एक होटल में उनके रुकने की व्यवस्था की गई थी। सीवान आगमन के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, रघुनाथपुर विधायक ओसामा साहब, एमएलसी विनोद जायसवाल और पूर्व विधायक भोला यादव समेत कई RJD नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया था।
यह भी पढ़ें – पटना में सुबह-सुबह पुलिस एनकाउंटर के बाद बवाल, 3 अपराधियों की मौत से मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला


Download Android App
Download iOS App




