‘साफ-साफ कहे न कि CM बनाना चाहते हैं…’, चिराग पासवान पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज

Summary :

चिराग पासवान पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चिराग पासवान के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. तेजस्वी यादव ने चिराग पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने की इच्छा स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा, सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को नियंत्रित करने का आरोप लगाया.

Bihar Assembly Elections: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. इस बीच सभी पार्टियां अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं. इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान इन दिनों बिहार की राजनीति में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. हाल ही में उन्होंने आरा में एक जनसभा के दौरान यह एलान किया कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चिराग पासवान के इस बयान के बाद से राज्य की सियासी उथल- पुथल देखने को मिल रही है. उनके इस ऐलान को उनकी महत्वाकांक्षा से जोड़ा जा रहा है, वहीं विपक्षी दलों ने भी इस पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है.

तेजस्वी यादव का करारा हमला

इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि उन्हें साफ-साफ कहना चाहिए कि वे मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं.

एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में तेजस्वी ने चिराग के “बिहार बुला रहा है” वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस तरह के नाटकीय बयानों से बचना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या चिराग पासवान इतने सालों से बिहार से बाहर थे जो अब उन्हें राज्य बुला रहा है?

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने सिर्फ चिराग पर ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तीखे हमले किए. उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘कलाकार’ बताते हुए कहा कि उनसे बड़ा अभिनेता देश में कोई नहीं है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं और मीडिया को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे अब थक चुके हैं और बिहार की सरकार रिटायर्ड और भ्रष्ट अधिकारियों के भरोसे चल रही है.

आरक्षण और प्राइवेट सेक्टर पर क्या बोले तेजस्वी?

इंटरव्यू के दौरान तेजस्वी यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि प्राइवेट सेक्टर में भी आरक्षण की व्यवस्था हो. उनका मानना है कि सामाजिक न्याय को मजबूती देने के लिए ये कदम जरूरी है.

Bihar Assembly Elections:

बिहार की राजनीति में चिराग की भूमिका

बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में सभी दलों ने कमर कस ली है. चिराग पासवान ने यह साफ कर दिया है कि अगर उनकी पार्टी चाहती है तो वे खुद भी चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि उनका झुकाव केंद्र की राजनीति से ज्यादा राज्य की राजनीति की ओर है. इस बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि चिराग बिहार में बड़ी भूमिका निभाने के इरादे से मैदान में उतर रहे हैं.

सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना, विकास को बताया प्राथमिकता

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।