RJD से तेज प्रताप बाहर, लालू पर केसी त्यागी और संजय जायसवाल का हमला

Summary :

तेज प्रताप का निष्कासन: राजद में पारिवारिक कलह का नतीजा

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे तेज प्रताप यादव को अनैतिक आचरण के कारण पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। जदयू नेता केसी त्यागी ने इसे पारिवारिक कलह और राजनीतिक विरासत से जुड़ा फैसला बताया। वहीं, संजय जायसवाल ने लालू परिवार पर तीन जिंदगियों को बर्बाद करने का आरोप लगाया।

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव को रविवार को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया और परिवार से भी अलग करने की घोषणा की। जदयू नेता के.सी. त्यागी ने इस पारिवारिक कलह और राजनीतिक विरासत की वजह से लिया गया फैसला बताया। के.सी. त्यागी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “उनका आचरण अनैतिक था, राजनीति में निजी और सार्वजनिक जिंदगी अलग-अलग नहीं होती बल्कि एक होती है। उन्होंने एक महिला के साथ संबंध में रहते हुए एक प्रतिष्ठित परिवार की लड़की के साथ शादी की और फिर उसे तलाक दिया। इसलिए सामाजिक प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए और अनैतिक आचरण की वजह से उन्हें निकाला गया है। राजनीतिक विरासत को लेकर परिवार में गहरा मतभेद चल रहा है। तेजस्वी अलग हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग हैं। इस वजह से भी तेज प्रताप को निकाला गया है।”

बिहार : तेजप्रताप के घर नहीं लौटने पर JDU ने तेजस्वी को पढ़ाया नैतिकता का पाठ

तेज प्रताप को राजद से निकाले जाने के बाद सांसद और बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने एक वीडियो जारी करते हुए लालू परिवार पर हमला बोला है। संजय जायसवाल ने कहा, “लालू यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने एक साथ तीन जिंदगियों को बर्बाद करने का काम किया है। वे अच्छे से जानते थे कि तेज प्रताप यादव अनुष्का यादव के साथ पिछले कई वर्षों से रह रहे हैं और उसी से शादी करना चाहते हैं। इसके बावजूद यादव समाज में अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए दरोगा प्रसाद राय की पोती के साथ जबरदस्ती अपने बेटे की शादी कर दी।”

तेज प्रताप यादव की शादी 2018 में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती एश्वर्या राय के साथ हुई थी। फिलहाल इन दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा है। शनिवार को तेज प्रताप यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में अनुष्का यादव के साथ लंबे समय से रिलेशन में होने की जानकारी दी थी। हालांकि उन्होंने अपना पोस्ट कुछ समय के बाद डिलीट कर दिया और अपना अकाउंट हैक होने की बात कही। राजद अध्यक्ष लालू यादव ने तेज प्रताप यादव के इस आचरण को अनैतिक माना है और सोशल मीडिया पर उन्हें पार्टी और परिवार से अलग करने की जानकारी दी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.