तेजस्वी ने नीतीश को दी खुली बहस की चुनौती, कहा- मानसिक और शारीरिक रूप से थक चुके हैं CM

Summary :

राजद नेता ने कहा कि “नी​तीश कुमार जी मानसिक और शारीरिक रूप से थक चुके हैं। नीतीश कुमार 15 साल शासन करने के बाद कह रहे हैं कि नौकरी देने का पैसा कहां से आएगा?”

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। वहीं सभी दलों के बीच बयानबाजी भी लगातार जारी है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की नीतीश सरकार पर बुधवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 15 साल शासन करने के बाद कह रहे हैं कि नौकरी देने का पैसा कहां से आएगा?
राजद नेता ने कहा कि “नी​तीश कुमार जी मानसिक और शारीरिक रूप से थक चुके हैं। नीतीश कुमार 15 साल शासन करने के बाद कह रहे हैं कि नौकरी देने का पैसा कहां से आएगा? उनको बताना चाहिए कि जो 60 घोटाले इन लोगों ने किए हैं वो लगभग 30,000 करोड़ बिहार के बजट का पैसा है, वो कहां गया।”

एक ट्वीट में तेजस्वी ने कहा कि ‘नाम मत लो उसका। उनकी झूठी दलीलों ने व्यापारियों का धंधा डूबा दिया। सत्ता संरक्षित अपराध के कारण प्रतिवर्ष हज़ारों व्यवसायियों की हत्या हुई है। 15 वर्षों के मुख्यमंत्री बतायें कौन है व्यापारियों की हत्याओं का दोषी??” तेजस्वी ने आगे कहा कि “आदरणीय नीतीश जी अपनी किसी एक उपलब्धि पर हमसे खुली बहस करे। लोकतंत्र की जननी बिहार से Chief Ministerial डिबेट की परंपरा शुरू होनी चाहिए। जनता को डिबेट सुन ऐसा CM चुनना चाहिए जो ऊर्जावान, वैज्ञानिक व तार्किक सोच, नई नीति और नई दिशा के साथ नया बिहार बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हो।”

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को विपक्षी नेताओं पर तंज करते हुए कहा ‘‘ कुछ लोग केवल बयानबाजी करते रहते हैं। जिन्हें ‘क, ख, ग, घ’ का ज्ञान नहीं है, वे काम करने की बात कर रहे हैं । आजकल कुछ लोग कह रहे हैं कि इतनी नौकरी देंगे…, लेकिन कहां से देंगे और इसके लिये पैसा कहां से आयेगा ?
उन्होंने कहा, ‘‘ जब इतने लोगों (10 लाख लोगों) को नौकरी देंगे, तब बाकी को क्यों छोड़ देंगे ।’’ लालू प्रसाद के परोक्ष संदर्भ में कुमार ने कहा, ‘‘ जिस कारण से जेल गए, क्या उसी पैसे से व्यवस्था करेंगे ? जो काम हो ही नहीं सकता, उसके लिये पैसा कहां से आयेगा ? नकली नोट लायेंगे या जेल से आयेगा पैसा ।’’ 

Desk Team