Thawe Durga Temple Theft: बिहार सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था की दुरुस्त स्थिति के लाख दावे कर ले, लेकिन अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। गोपालगंज स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर माता के कई आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। इस बीच, पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
Gopalganj Robbery News: थावे मंदिर की घटना से आसपास में मचा हड़कंप

थावे मंदिर बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित एक प्रसिद्ध शक्ति पीठ है, जो देवी मां थावे वाली को समर्पित है। यह मंदिर भक्तों के बीच अपनी चमत्कारी शक्ति और मनोकामना पूर्ति के लिए प्रसिद्ध है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात चोर मंदिर के पीछे से सीढ़ी के रास्ते पहुंचे और फिर रस्सी के द्वारा मंदिर परिसर में प्रवेश कर तीन तालों को काटकर गर्भगृह तक पहुंच गए और माता के सोने का मुकुट सहित कई सोने और चांदी के आभूषण लेकर चले गए। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है।
Bihar Temple Theft: पुलिस की कार्रवाई जारी (Thawe Mandir)

पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। प्रारंभिक तौर पर सीसीटीवी फुटेज में मास्क पहने हुए दो चोर मंदिर में प्रवेश करते नजर आए हैं, जिसमें से एक के पास लोहा काटने वाला कटर है। फुटेज में ये लोग गर्भगृह से आभूषण को एक बैग में डालकर निकलते दिख रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Gopalganj Temple News: पुलिस अधिकारी ने घटना पर क्या बताया?
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को गुरुवार को बताया कि एक हार (माला), सोने का मुकुट और छतरी की चोरी हुई है। अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के लिए तकनीकी टीम को भी लगाया गया है। मंदिर की सुरक्षा में जो गार्ड रहते हैं, उनके कार्यकलापों की भी जांच की जाएगी। बता दें कि बिहार के अलावा देश के अन्य क्षेत्रों से भी यहां लोग माँ थावे वाली के दर्शन करने आते हैं। नवरात्रि और अन्य पर्वों के दौरान यहां भव्य मेले और जागरण का आयोजन होता है। यहां का वातावरण भक्तिभाव से पूर्ण होता है, जहां भक्त घंटों तक दर्शन के लिए पंक्तियों में खड़े रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App




