डबल इंजन की सरकार में जिन्हें बिहार का विकास नहीं दिखता, वे चश्मा बदलवा लें : गिरिराज सिंह

Summary :

गिरिराज सिंह का विपक्ष पर तंज, कहा विकास नहीं दिखता तो चश्मा बदलें

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार के तहत विकास हो रहा है। उन्होंने विपक्ष को चश्मा बदलने की सलाह दी और कहा कि पीएम मोदी के आगमन से विकास को और गति मिलेगी। भाजपा नेताओं में उत्साह है और वे पीएम का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार की दो दिवसीय यात्रा पर पटना आने वाले हैं। पीएम मोदी के बिहार आगमन को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह है। पीएम पटना में एक रोड शो में भी शामिल होंगे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में जिन्हें बिहार का विकास नहीं दिखता, वे चश्मा बदलवा लें।

पटना के रानी सती मंदिर में श्री विद्या त्रिकोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ में पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जो माताएं यहां उपस्थित हैं, सभी पीएम मोदी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए आशीर्वाद दे रही हैं। आतंकवाद के खिलाफ ऐसा ऑपरेशन कभी नहीं हुआ था। आज पीएम मोदी बिहार पधार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। पीएम मोदी बिहार के विकास के लिए आते हैं। उनका मानना है कि बिहार के विकसित हुए बिना भारत विकसित नहीं होगा। जब से बिहार में डबल इंजन की सरकार है, प्रदेश में विकास हो रहा है। पीएम मोदी यहां कई योजनाओं की सौगात देंगे। इसी को तो विकास कहते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले बक्सर जाने में चार-पांच घंटे लगते थे, अब दो घंटे में लोग चले जा रहे हैं। सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है। पहले लालू यादव भी पांच घंटे में बक्सर से पटना आते थे।

उन्होंने कहा कि पीएम जितनी बार बिहार आते हैं, वह विकास में मील का पत्थर साबित होता है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार के लोग पीएम मोदी के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हुए हैं। लाखों की संख्या में लोग उनका स्वागत करेंगे। रोड शो में लोग अपने प्रधानमंत्री का अभिवादन करेंगे। पीएम मोदी के स्वागत के लिए पटना तैयार है।

लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने कहा कि पीएम मोदी ने जिस तरह बिहार को अपने विकास के एजेंडे में रखा है और वे अपने वादों को जिस तरह पूरा करने का दायित्व निभा रहे हैं, उसी सिलसिले में वह गुरुवार को बिहार पहुंच रहे हैं। वह पटना हवाई अड्डे के नवनिर्मित टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद विक्रमगंज के कार्यक्रम में नवीनगर में एनटीपीसी के बनने वाले प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही कई और सौगातें भी देंगे। बिहार के विकास की गति के लिए कई और योजनाओं की घोषणा करेंगे।

नालंदा के मछवारों के लिए खुशखबरी, पीएम मत्स्य किसान योजना के तहत मिलेंगे 2 करोड़

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.