बिहार में पूर्व मध्य रेल के हायाघाट रेलवे स्टेशन के पास बागमती नदी पर बने रेल पुल पर बाढ़ के पानी के भारी दबाव के कारण आज सुबह से समस्तीपुर-दरभंगा रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने बताया कि बागमती समेत अन्य नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्वि और यात्रियों की सुरक्षा के मद्वेनजर ऐहतियात के तौर पर समस्तीपुर-दरभंगा रेल खंड पर गाड़यों का परिचालन तत्काल बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस रेल मंडल के हायाघाट स्टेशन के पास बने रेल पुल संख्या-16 पर पानी का भारी दबाव है जिसके कारण समस्तीपुर-दरभंगा रेल खंड से होकर चलने वाली सात ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है।
श्री माहेश्वरी ने बताया कि इसके अलावे नयी दिल्ली जाने वाली 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समेत चार प्रमुख ट्रेनों का परिचालन भाया दरभंगा-सीतामढ़-मुजफ्फरपुर किया जायेगा। इस बीच, ट्रेनों का परिचालन बंद होने से यात्रियों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। इस रेल खंड के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी हुयी है।


Download Android App
Download iOS App



